अप्रैल तक हर हाल में पूरा करें डीडीयू अस्पताल के 198 बेडेड विस्तार का काम, डीएम ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जिले में चल रही प्रमुख निर्माणाधीन परियोजनाओं का रविवार को निरीक्षण किया। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं और कैंट रोप-वे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

123

सबसे पहले जिलाधिकारी ने पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में निर्माणाधीन 198 बेडेड एक्सटेंशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को हर हाल में अगले वर्ष अप्रैल तक निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने पर विशेष जोर दिया।

123

डीएम ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज में कार्यरत फैकल्टी और सभी सपोर्ट स्टाफ के लिए परिसर में ही आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने 100 बेड के आईसीयू के निर्माण की प्रगति की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी से ली। अधिकारियों ने बताया कि आईसीयू का निर्माण राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की फंडिंग से कराया जाएगा और फिलहाल ले-आउट का कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

123

इसके बाद जिलाधिकारी ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे विस्तार से संबंधित एनएच-56 पर प्रस्तावित अंडरपास का निरीक्षण किया। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, डिजाइन पैरामीटर्स, कंस्ट्रक्शन सीक्वेंस और आगामी कार्यों के लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने परियोजना से संबंधित शेष मकानों को जल्द से जल्द शिफ्ट कराने के भी निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।

123

अंत में जिलाधिकारी ने कैंट रोप-वे स्टेशन पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निरीक्षण किया। उन्होंने रोप-वे स्टेशन पर चल रहे आर्ट वर्क और फिनिशिंग कार्यों की भी जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोप-वे के अन्य स्टेशनों पर बचे हुए कार्यों को अभियान चलाकर तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि परियोजना के निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सकें। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसपी मिश्रा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश सहित निर्माण इकाई से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

123

Share this story