वाराणसी में फिर चढ़ने लगा गंगा का जलस्तर, एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हो रही वृद्धि, घाटों पर बढ़ी निगरानी
वाराणसी। पर्वतीय और गंगा के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब वाराणसी में भी दिखाई देने लगा है। पिछले कुछ घंटों से गंगा का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गुरुवार सुबह गंगा का जलस्तर 60.97 मीटर दर्ज किया गया, जबकि जलस्तर में लगभग एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि हो रही है। हालांकि फिलहाल गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

गंगा का बढ़ता जलस्तर अब घाटों के निचले हिस्सों तक पहुंच चुका है। कई घाटों पर सीढ़ियों के निचले भाग और नदी किनारे स्थित छोटे मंदिरों तक पानी पहुंच गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि के मद्देनजर घाटों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर तथा खतरे का बिंदु 71.262 मीटर निर्धारित है। वर्तमान में गंगा खतरे के निशान से लगभग 10 मीटर नीचे बह रही है, लेकिन ऊपरी क्षेत्रों से लगातार पानी आने के कारण जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने एनडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमों को संवेदनशील घाटों पर तैनात किया है। अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं और नदी किनारे रहने वाले लोगों के साथ-साथ श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है। नाव संचालन से जुड़े लोगों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नाविकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने, क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव पर नहीं बैठाने तथा सभी यात्रियों को सुरक्षा जैकेट उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई है।

