पुलिस व सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर दो बार भागा शातिर चोर पकड़ा गया
वाराणसी। सारनाथ पुलिस ने शनिवार को 18 वर्षीय शातिर चोर विशाल को गिरफ्तार कर लिया। यह युवक पिछले साल रामनगर स्थित बंदीगृह से भाग चुका है। सारनाथ में चोरी के प्रयास के दौरान पकड़े जाने के बाद घायलावस्था में पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था तब भी पुलिस को चकमा दे भाग गया था। पुलिस के अनुसार वह कई चोरियों में शामिल रहा है।
बताया जाता है कि विशाल कुमार आजमगढ़ जिले के कांदापुर थाना क्षेत्र के सैदा गांव का निवासी है। पिछले साल दिसम्बर माह में वह सारनाथ क्षेत्र के ही हीरामनपुर में चोरी के प्रयास के दौरान पकड़ा लिया गया था। लोगों ने उसकी पिटाई कर दी तो मौका पाकर भागा और घायल हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान भी वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। उसके खिलाफ फरारी के मुकदमे दर्ज थे।
पिछले साल ही अक्टूबर माह में वह रामनगर बंदीगृह से भाग निकला था। पुलिस का यह भी कहना है कि कुछ दिनों पूर्व सारनाथ क्षेत्र से पिस्टल गायब हुई थी। उस मामले में भी वह वांछित है। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार की देर रात लेढूपुर स्थित एक स्कूल के पास से पकड़ लिया गया।

