वाराणसी में पहली बार उतरेगा प्रोफेशनल गोल्फ का रोमांच, बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स में 16 जून से डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन

WhatsApp Channel Join Now
25 लाख की पुरस्कार राशि के लिए देश के 72 प्रोफेशनल गोल्फर दिखाएंगे दम, स्थानीय खिलाड़ियों को भी मिलेगा बड़ा मंच

वाराणसी। खेल नगरी के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहे वाराणसी को अब पहली बार प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) का नेक्सजेन सीजन का छठा टूर्नामेंट 16 से 18 जून तक बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में आयोजित होगा। 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में देशभर के 72 पेशेवर गोल्फर हिस्सा लेंगे।

तीन दिन चलेगा मुकाबला, 36 होल के बाद कट

टूर्नामेंट 54 होल्स यानी तीन राउंड में खेला जाएगा। पहले दो राउंड के बाद कट लागू होगा, जिसके बाद शीर्ष 36 खिलाड़ी और बराबरी पर रहने वाले प्रतिभागी अंतिम राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगे। प्रतियोगिता में 2026 नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट के लीडर सुनीत चौरसिया समेत कई प्रमुख खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे।

वाराणसी के खिलाड़ियों पर भी रहेंगी नजरें

इस प्रतियोगिता में वाराणसी के इमाम-उल-हक और हेमंत यादव भी हिस्सा ले रहे हैं। वहीं 15 वर्षीय युवा गोल्फर अर्जुनवीर शिशिर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट का विजेता 2026 सीजन के मुख्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर में खेलने का अधिकार हासिल करेगा।

वाराणसी को राष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करेगा आयोजन

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा कि वाराणसी में पहली बार नेक्सजेन इवेंट आयोजित करना संगठन के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रोफेशनल गोल्फ को महानगरों से आगे बढ़ाकर देश के नए क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय युवाओं को भी इस खेल से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।

बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स के मानद सचिव अनुराग गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन न केवल क्लब बल्कि पूरे वाराणसी के लिए ऐतिहासिक अवसर है। इससे शहर को राष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा देखने व सीखने का अवसर प्राप्त होगा।

प्रो-एम प्रतियोगिता में पंकज मांडिया की टीम रही विजेता

टूर्नामेंट से पहले आयोजित प्रो-एम प्रतियोगिता में प्रोफेशनल खिलाड़ी पंकज मांडिया की टीम ने खिताब अपने नाम किया। उनकी टीम में मनोज मांझी, रितेश सिंह और अमित वर्मा शामिल थे। विजेता टीम को बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स के मानद सचिव अनुराग गुप्ता ने सम्मानित किया।

युवा खिलाड़ियों के लिए अवसरों का मंच है नेक्सजेन

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ने 2025 में नेक्सजेन टूर की शुरुआत अपने डेवलपमेंट टूर के रूप में की थी। इसका उद्देश्य देशभर के पेशेवर गोल्फरों को समान अवसर उपलब्ध कराना, प्रतिस्पर्धा का स्तर बढ़ाना और गोल्फ को टियर-2 एवं टियर-3 शहरों तक पहुंचाना है। यही वजह है कि वाराणसी जैसे शहर में इस प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में खास उत्साह देखा जा रहा है।

Share this story