छठ महापर्व के लिए बरेका का सूर्य सरोवर सजकर हो रहा तैयार, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएगा परिसर
वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित सूर्य सरोवर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। महापर्व के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बरेका प्रशासन परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा, विद्युत प्रकाश और सजावट सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और व्रती महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

छठ पूजा के अवसर पर सूर्य सरोवर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। इससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगाएगा और भक्तिमय माहौल बनेगा। इसके साथ ही सरोवर के आसपास साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजन-अर्चन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि छठ महापर्व को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। परिसर में प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और आवागमन को सुगम बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

हर साल उमड़ती है व्रतियों की भीड़
बरेका स्थित सूर्य सरोवर पर प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और पुरुष भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। चार दिवसीय महापर्व के प्रमुख अनुष्ठानों में अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। व्रती परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ कठिन निर्जला व्रत रखते हैं।

दो दिन होंगे मुख्य अर्घ्य के आयोजन
बरेका प्रशासन के अनुसार, 15 नवंबर रविवार को शाम पांच बजे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर सोमवार को सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। इन दोनों अवसरों पर सूर्य सरोवर पर हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। प्रशासन तैयारियों को समय से पूरा करने में जुटा है।

