बारिश में जलमग्न नहीं होनी चाहिए बनारस की सड़कें, कहीं न दिखे गंदगी, कराएं पौधारोपण, नगर विकास मंत्री ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
वाराणसी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में नगर विकास और ऊर्जा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निकाय और विद्युत विभाग जनता से सीधे जुड़े विभाग हैं, इसलिए अधिकारियों को संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करना होगा।
नगर विकास विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए नालियों और जलनिकासी व्यवस्था की व्यापक सफाई समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। इसके लिए सभी नगर निकाय अभी से तैयारी पूरी करें और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखें।

उन्होंने सड़क किनारे, डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास फैली गंदगी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही इन स्थानों पर पौधरोपण और सुंदरीकरण अभियान चलाकर नगर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि स्वच्छता, हरियाली और बेहतर शहरी सुविधाएं किसी भी शहर की पहचान होती हैं। वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण शहर में इन व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए।
बैठक में निर्माणाधीन और संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने नगर विकास से संबंधित जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, खराब ट्रांसफार्मरों के त्वरित प्रतिस्थापन और वितरण प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी और मानसून के मौसम में उपभोक्ताओं को निर्बाध, निरंतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। संभावित तकनीकी समस्याओं का समाधान पहले से किया जाए, ताकि आमजन को परेशानी न हो।
श्री शर्मा ने विद्युत शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो। उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारी फील्ड स्तर पर सक्रिय रहें। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, नगर विकास विभाग के अधिकारी, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

