आंधी का कहर : जड़ समेत उखड़ा बालम खीरा का पेड़, संकुलधारा पोखरा का रास्ता बंद

123
WhatsApp Channel Join Now

लोहे की सुरक्षा जाली भी टूटी, आवागमन प्रभावित; नगर निगम से शीघ्र पेड़ हटाने की मांग

वाराणसी। बुधवार रात आई तेज आंधी ने संकुलधारा पोखरा के पास एक बड़े बालम खीरा के पेड़ को जड़ समेत उखाड़ दिया। पेड़ सड़क पर गिरने से पोखरे के आसपास लगी लोहे की सुरक्षा जाली क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, पेड़ की डालियां और तना रास्ते पर फैल जाने से पोखरे की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुधवार रात अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। इसी दौरान पोखरे के पास लगा विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़ गया। पेड़ के गिरने की आवाज से आसपास के लोग भी बाहर निकल आए। पेड़ का आकार बड़ा होने के कारण उसके गिरने से लोहे की जाली का एक हिस्सा भी टूट गया। राहत की बात रही कि घटना के समय पेड़ के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

पेड़ गिरने के बाद पोखरे की ओर जाने वाला रास्ता बंद हो गया है। राहगीरों और स्थानीय लोगों को दूसरे रास्ते से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हो रही है, जिन्हें पोखरे की ओर रोजाना आना-जाना पड़ता है।

पशुओं के पहुंचने का भी खतरा
समाजसेवी गुड्डू ने बताया कि पोखरे के आसपास पशुओं को जाने से रोकने के लिए लोहे की जाली लगाई गई थी। पेड़ गिरने से जाली क्षतिग्रस्त हो गई है। ऐसे में अब पशुओं के पोखरे की ओर पहुंचने की आशंका भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पेड़ को तत्काल हटाने के साथ क्षतिग्रस्त जाली की मरम्मत कराया जाना जरूरी है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मामले का संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर पेड़ पड़ा रहने से किसी भी समय दोपहिया या पैदल राहगीर हादसे का शिकार हो सकते हैं। साथ ही रास्ता लंबे समय तक बंद रहने से लोगों की परेशानी बढ़ती जाएगी। लोगों ने मांग की है कि नगर निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर पेड़ को काटकर हटाए और रास्ते पर आवागमन बहाल कराए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त लोहे की जाली की भी मरम्मत कराई जाए, ताकि पोखरे के आसपास सुरक्षा व्यवस्था फिर से दुरुस्त हो सके।

Share this story