छावनी इलाके में आर्मी थीम पर बनेगा प्रदेश का पहला बायोडायवर्सिटी पार्क, पर्यावरण संरक्षण पर जोर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और शहरी हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में वाराणसी को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। डिफेंस मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश के पहले आर्मी थीम पर आधारित बायोडायवर्सिटी पार्क के निर्माण को मंजूरी दे दी है। यह पार्क शहर में पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन का नया केंद्र बनेगा।

रक्षा मंत्रालय से जमीन के लिए एनओसी मिलने के बाद परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। पार्क का निर्माण नगर निगम द्वारा कराया जाएगा और इसे सेना की थीम पर विकसित किया जाएगा। परियोजना में सेना के विभिन्न हिस्सों को दर्शाते हुए हॉस्टल, ऑपरेशन और रोडमैप जैसे सेक्शन बनाए जाएंगे। वहीं युद्ध टैंक, बोफोर्स और मिसाइल जैसे मॉडल भी पार्क में स्थापित किए जाएंगे, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र होंगे।

बायोडायवर्सिटी पार्क को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और शहरी संतुलन के मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। पार्क में स्थानीय प्रजातियों के वृक्ष-पौधे, औषधीय वनस्पतियां, बायो डाइवर्सिटी के अनुकूल वातावरण और प्राकृतिक पथ विकसित किए जाएंगे।

इसके साथ ही पार्क में सेना के प्रतीक चिह्नों के साथ औषधीय पौधों की विशेष श्रृंखला, तितली पार्क (बटरफ्लाई पार्क), थीम आधारित प्राकृतिक वातावरण और सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए जाएंगे। युवाओं और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए ओपन एयर जिम तथा एडवेंचर गतिविधियों की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। डीएम सत्येंद्र कुमार के अनुसार बायोडायवर्सिटी पार्क को मंजूरी मिल गई है। इसे आर्मी की थीम पर विकसित किया जाएगा।

Share this story