श्री रामायण कथा की स्टार कॉस्ट ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका मत्था, 25 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा-श्री राम की’ की स्टार कास्ट शनिवार को वाराणसी पहुंची। फिल्म की मुख्य अभिनेत्री और सोशल मीडिया सेंसेशन अंजलि अरोड़ा, अभिनेता देव शर्मा और रजनीश दुग्गल ने सबसे पहले बाबा काशी विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। तीनों कलाकारों ने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर फिल्म की सफलता के लिए बाबा का आशीर्वाद लिया।

फिल्म में माता सीता की भूमिका निभा रहीं अंजलि अरोड़ा ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद कहा कि उन्होंने अपनी फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत काशी से की है। काशी आकर और बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन कर उन्हें बेहद अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि बाबा का आशीर्वाद लेकर वह काफी खुश हैं। उनके लिए यह अनुभव बेहद खास रहा।

123

वहीं भगवान श्रीराम का किरदार निभा रहे अभिनेता देव शर्मा ने भी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने बाबा के दरबार में पहुंचने को दिव्य अनुभव बताया। देव शर्मा ने कहा कि काशी आकर बाबा का आशीर्वाद लेना उनके लिए विशेष और यादगार रहा। फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे अभिनेता रजनीश दुग्गल ने भी बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में आकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। रजनीश दुग्गल वाराणसी में आयोजित जागरण फिल्म फेस्टिवल के दौरान फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंचे हैं।

स्टार कास्ट के काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचने की जानकारी मिलते ही परिसर में मौजूद लोगों में भी उत्साह नजर आया। कलाकारों को देखने और उनके साथ तस्वीर लेने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं और प्रशंसकों ने कलाकारों का स्वागत किया। स्टार कास्ट के मंदिर पहुंचने को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बीच दर्शन-पूजन की व्यवस्था कराई गई।

123

अब 25 सितंबर को रिलीज होने वाली फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है। फिल्म में राम, सीता और रावण जैसे प्रमुख किरदारों को पर्दे पर किस अंदाज में प्रस्तुत किया गया है, इस पर दर्शकों की नजर टिकी है।

Share this story