छठ के बाद काशी में जनगणना का दूसरा चरण, 3105 प्रगणक घर-घर जुटाएंगे नागरिकों का ब्योरा, 16 नवंबर से स्वगणना 

WhatsApp Channel Join Now

एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक घर-घर पहुंचेगी नगर निगम की टीम, आठ जोनों में प्रशिक्षण पूरा

जनगणना कार्य के लिए 532 सुपरवाइजर भी तैनात, बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहने वाले कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई

वाराणसी। छठ महापर्व के बाद काशी में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब मकानों की गणना के बाद शहर की आबादी का सटीक ब्योरा जुटाने की कवायद शुरू होगी। इसके लिए नगर निगम ने आठों जोनों में प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी कर ली है। 16 नवंबर से स्व-गणना की शुरुआत होगी, जिसमें नागरिक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से खुद अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से नगर निगम की टीमें घर-घर पहुंचकर नागरिकों का विवरण संकलित करेंगी। यह अभियान चार जनवरी 2027 तक चलेगा।

नगर निगम के अनुसार, जनगणना के दूसरे चरण के लिए शहर के आठ जोनों में कुल 3,105 प्रगणकों और 532 सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। प्रगणकों को घर-घर जाकर निर्धारित प्रारूप में नागरिकों से संबंधित जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सुपरवाइजर पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे, ताकि आंकड़ों के संकलन में किसी तरह की त्रुटि न हो। इससे पहले मकानों की गणना का कार्य पूरा किया जा चुका है।

पहले खुद दर्ज करें जानकारी, फिर पहुंचेगी टीम
जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान नागरिक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्वयं अपना और परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और घर पहुंचने वाले कर्मचारियों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें।

ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जनगणना कार्य को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने कर्मचारियों की उपस्थिति और जिम्मेदारी को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। ड्यूटी लगाए जाने के बाद बिना किसी वैध कारण और सक्षम अधिकारी की अनुमति के अनुपस्थित रहने को दंडनीय माना जाएगा। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का लक्ष्य जनगणना के दूसरे चरण को व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करना है, ताकि शहर की जनसंख्या से जुड़े सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें।

BK Pathak
BK Pathak

21737 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story