गड्ढों और जलभराव से बदहाल नीलकंठपुरम कॉलोनी की सड़क, समस्या से बेहाल कॉलोनीवासी, पार्षद ने कराया समतलीकरण
वाराणसी। सुसुवाही बाईपास के समीप स्थित नीलकंठपुरम् कॉलोनी, वार्ड नंबर 39 में बदहाल सड़क के कारण स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले कई महीनों से सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और बारिश का पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित है। करीब 20 से 25 परिवार प्रतिदिन इसी मार्ग से आते-जाते हैं। खासकर बारिश के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी अपूर्व पाठक ने बताया कि सड़क लंबे समय से खराब पड़ी है। बारिश होने के बाद गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और पैदल राहगीरों के गिरने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है और स्थायी निर्माण की मांग भी उठाई गई है।

शिकायत मिलने के बाद क्षेत्रीय पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल ने तत्काल राहत के लिए सड़क की स्थिति सुधारने का काम शुरू कराया। जलभराव वाले स्थानों पर पहले पानी की निकासी कराई गई। इसके बाद ट्रैक्टर से मलबा और निर्माण सामग्री मंगवाकर सड़क पर डलवाई गई। राबिश और छोटी गिट्टी बिछाने के बाद जेसीबी की मदद से सड़क का समतलीकरण कराया गया।

पार्षद सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई थी। लोगों की शिकायत को देखते हुए तत्काल अस्थायी व्यवस्था कराई गई, जिससे फिलहाल आवागमन सुचारु हो सके। उन्होंने कहा कि सड़क का समतलीकरण स्थायी समाधान नहीं है, बल्कि निर्माण कार्य शुरू होने तक लोगों को राहत देने के लिए यह कदम उठाया गया है।

पार्षद के अनुसार, मार्ग को ऊंचा कराकर बेहतर गुणवत्ता वाली सड़क का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए संबंधित स्तर पर पत्राचार किया जा चुका है और प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने तक सड़क को चलने योग्य बनाए रखना जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान स्थानीय निवासियों को जलभराव और गड्ढों के बीच से होकर आवागमन न करना पड़े।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत के लिए कराए गए समतलीकरण का स्वागत किया, लेकिन उनका कहना है कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान पक्के निर्माण से ही संभव है। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग से कॉलोनी के परिवारों के अलावा आसपास के लोग भी रोजाना आवागमन करते हैं, इसलिए सड़क की खराब स्थिति जल्द दूर किया जाना जरूरी है।

