होली पर घर की राह आसान नहीं, दिल्ली, मुंबई की ट्रेनों में लंबी वेटिंग, टिकट के लिए मारामारी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। होली नजदीक आते ही दिल्ली, मुंबई और पुणे जैसे महानगरों से पूर्वांचल लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खासकर वाराणसी और आसपास के जिलों में आने वाले लोगों के लिए घर पहुंचना इस बार आसान नहीं होगा। कारण है ट्रेनों में भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट, जो मार्च के पहले सप्ताह तक कम होने के आसार नहीं दिखा रही है।

रेलवे आरक्षण प्रणाली के अनुसार दिल्ली, मुंबई और पुणे से आने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं। स्लीपर, थर्ड एसी ही नहीं बल्कि सेकेंड एसी तक में लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है। हालात यह हैं कि होली से पहले घर पहुंचने के लिए लोग फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही टिकट कराने की कोशिश कर रहे हैं, फिर भी उन्हें कन्फर्म सीट नहीं मिल पा रही है।

दिल्ली से आने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, लिच्छवी और श्रमजीवी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में 25 फरवरी से 4 मार्च तक कन्फर्म टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो गया है। यही स्थिति मुंबई और पुणे से वाराणसी आने वाली ट्रेनों की भी है, जहां लंबी वेटिंग लिस्ट यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है।

यात्रियों का कहना है कि होली जैसे बड़े पर्व पर घर लौटना भावनात्मक जरूरत होती है, लेकिन टिकट न मिलने से चिंता बढ़ गई है। कई लोग मजबूरी में तत्काल टिकट या वैकल्पिक मार्गों से यात्रा की योजना बना रहे हैं, हालांकि उसमें भी सफलता की संभावना कम है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार होली के मद्देनजर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों के संचालन पर विचार किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल नियमित ट्रेनों में दबाव बना हुआ है। अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांच लें और संभव हो तो पहले से ही टिकट की योजना बनाएं।

Share this story