गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगा नारी शक्ति का पराक्रम, मार्च पास्ट करेंगी महिला पुलिस की टोलियां, मिशन शक्ति एवं महिला सशक्तिकरण होगी थीम
वाराणसी। वर्ष 2026 की गणतंत्र दिवस परेड इस बार महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति को समर्पित होगी। “मिशन शक्ति एवं महिला सशक्तिकरण” की थीम पर आयोजित होने वाली इस परेड की तैयारियों का गुरुवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परेड की गुणवत्ता, अनुशासन और गरिमा को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड की विशेषता यह होगी कि मार्चपास्ट की सभी टोलियां महिला पुलिसकर्मियों की होंगी। परेड में महिला कमांडो दस्ता, महिला पुलिसकर्मियों का स्कूटी दस्ता तथा महिला घुड़सवार दस्ता भी शामिल किया जाएगा, जो महिला शक्ति और आत्मनिर्भरता का सशक्त संदेश देगा। परेड की कमान भी एक महिला अधिकारी के हाथों में होगी। एसीपी (यू/टी) मानसी दहिया (आईपीएस) को परेड कमांडर नियुक्त किया गया है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने परेड एवं दैनिक पुलिस कार्यों में अनुशासन, टर्नआउट और आचरण को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर पुलिस बल की कार्यकुशलता, एकरूपता और समन्वय आमजन के सामने एक सकारात्मक संदेश प्रस्तुत करता है।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक पक्ष पर विशेष ध्यान देते हुए पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि देशभक्ति के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की भावना को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्त भूमिका का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा परेड स्थल पर महिला सशक्तिकरण से संबंधित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, ताकि आमजन को सरकार और पुलिस द्वारा महिलाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी मिल सके।
पुलिस आयुक्त ने गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।
इस निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त लाइन डॉ. ईशान सोनी, एसीपी (यू/टी) मानसी दहिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। पुलिस आयुक्त ने विश्वास जताया कि महिला सशक्तिकरण की थीम पर आधारित यह परेड समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ गणतंत्र दिवस समारोह को यादगार बनाएगी।

