बीएड प्रवेश परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलाने वाली असली अभ्यर्थी गिरफ्तार, कार्रवाई में जुटी पुलिस
वाराणसी। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 में अपने स्थान पर दूसरी महिला से परीक्षा दिलाने के मामले में कपसेठी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वास्तविक अभ्यर्थी श्रेया भारती को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पहले ही फर्जी अभ्यर्थी तनिषा कुमारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अब पुलिस इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, थाना कपसेठी क्षेत्र स्थित कालिकाधाम पीजी कॉलेज, सेवापुरी में आयोजित संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान श्रेया भारती के स्थान पर बिहार के नवादा निवासी तनिषा कुमारी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर परीक्षा देने पहुंची थी। परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और फोटो में गड़बड़ी सामने आने पर केंद्र व्यवस्थापक प्रो. अनिकेश कुमार सिंह ने उसे पकड़कर कपसेठी थाना पुलिस के हवाले कर दिया था।
इस मामले में थाना कपसेठी में संबंधित धाराओं के साथ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। 1 जून 2026 को तनिषा कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था। इसके बाद वास्तविक अभ्यर्थी श्रेया भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने 12 जुलाई को प्रयागराज के पूरादलेल, अल्लापुर क्षेत्र से श्रेया भारती को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपनी सहेली प्रीति के माध्यम से रोशन नामक व्यक्ति से संपर्क किया था। रोशन ने उसके स्थान पर दूसरी महिला से परीक्षा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके लिए श्रेया ने अपना आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और फोटो उसे उपलब्ध करा दिए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कूटरचित पहचान पत्र तैयार किए गए और तनिषा कुमारी को वाराणसी भेजकर परीक्षा दिलाने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, श्रेया भारती ने स्वीकार किया कि वह पूरी योजना से अवगत थी और जानबूझकर अपने स्थान पर दूसरी महिला से परीक्षा दिलाने के लिए सहमत हुई थी। अब पुलिस रोशन, प्रीति तथा इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

