काशी स्टेशन के पास छह लेन का होगा अंडरपास, रेलवे ने तेज की निर्माण प्रक्रिया
वाराणसी। काशी रेलवे स्टेशन के समीप स्थित भदऊं चुंगी अंडरपास को चौड़ा करने का कार्य तेजी से चल रहा है। रेलवे द्वारा किए जा रहे इस कार्य के पूरा होने के बाद यहां छह लेन की सड़क से वाहनों का आवागमन संभव हो सकेगा, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी।
वर्तमान में अंडरपास से दो लेन में वाहनों का संचालन हो रहा है, लेकिन स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत इसे विस्तारित किया जा रहा है। काशी स्टेशन को अत्याधुनिक मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना के अंतर्गत लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में रेलवे लाइन के विस्तार और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अंडरपास चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अंडरपास के ऊपर दो नई रेलवे लाइनों का निर्माण भी किया जाएगा। इसके लिए 100 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान ऊपरी हिस्से से ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। नई रेलवे ट्रैक बिछाने और अंडरपास चौड़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। परियोजना पूरी होने के बाद काशी स्टेशन क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा तथा यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।

