पुलिस आयुक्त ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं से बातकर सुविधाओं का जाना हाल, अतिक्रमण-अवैध पार्किंग हटाने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडुवाडीह से रथयात्रा, गुरुबाग होते हुए गोदौलिया तक शहरी कांवड़ मार्ग का आकस्मिक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस आयुक्त ने कांवड़ यात्रियों के विश्राम स्थलों का भी निरीक्षण किया। वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने श्रद्धालुओं को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से भी कांवड़ यात्रियों के साथ सहयोग, सद्भाव और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

123

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने कांवड़ मार्ग पर यातायात और श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधक अतिक्रमण, अवैध पार्किंग तथा अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार निगरानी और किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त के निर्देश
पुलिस आयुक्त ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त करने को कहा। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों और कांवड़ मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं के साथ आमजन का आवागमन भी सुचारु बना रहे।

123
यातायात नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यातायात पुलिस ने भी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। बिना नंबर प्लेट के वाहनों, गलत दिशा में चलने वाले वाहनों और बिना परमिट संचालित ऑटो-टोटो के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रियों की आस्था और सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए। साथ ही यातायात को सुचारु बनाए रखते हुए आमजन के आवागमन को भी निर्बाध रखा जाए।

123

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस आयुक्त वरुणा जोन लिपि नागयाच, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story