सीएम योगी के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस कमिश्नर की हाईलेवल ब्रीफिंग, सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मुख्यमंत्री के आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कैम्प कार्यालय पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि यातायात पूरी तरह सुचारु बना रहे। साथ ही कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

123

कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश केवल सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग के बाद ही दिया जाए। इसके अलावा वीवीआईपी मार्ग पर हर व्यक्ति और गतिविधि की कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए। सभी पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति पहले से स्पष्ट रूप से अवगत कराने और ड्यूटी से पूर्व ब्रीफिंग देने पर भी जोर दिया गया।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल के पास अस्थायी पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही वीवीआईपी मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन खड़े होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नव नियुक्त आरक्षियों को अनुभवी पुलिसकर्मियों के साथ तैनात करने और उन्हें पहले से प्रशिक्षित करने के निर्देश भी दिए गए।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से “नो फ्लाई जोन” लागू रहेगा, जिसमें ड्रोन सहित किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तुओं के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाएगी, वहीं सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

123

भीड़ नियंत्रण के लिए “नो टच पॉलिसी” का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। महिला संबंधित व्यवस्थाएं केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही संभाली जाएंगी। पुलिसकर्मियों को पर्याप्त संख्या में रस्सियां रखने, लाउड हेलर और पीए सिस्टम का उपयोग कर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कहा गया है।

पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने, बेहतर टर्नआउट में रहने और ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करने के निर्देश दिए। साथ ही आम जनता के साथ विनम्र, शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि पुलिस की सकारात्मक छवि बनी रहे।

इस बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी थाना प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन जुड़े।

Share this story