पुलिस कमिश्नर का जनता से सीधा संवाद, पहले दिन 78 नागरिकों ने बताई समस्याएं, एक सप्ताह के अंदर होगा निस्तारण 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दोपहर 12 से 1 बजे तक जनता से सीधे संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की है। पहले दिन गुरुवार को मोबाइल नंबर 9670705555 पर कुल 78 नागरिकों ने पुलिस आयुक्त से सीधे संपर्क कर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। पुलिस कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का निस्तारण एक सप्ताह के अंदर हर हाल में किया जाए। 

संवाद के दौरान नागरिकों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी। इनमें स्थानीय कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, जुआ एवं सट्टा, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद सहित अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रहीं। पुलिस आयुक्त ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना और तत्काल संज्ञान लिया।

कुछ जागरूक नागरिकों ने पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जिनकी पुलिस आयुक्त ने सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के सुझाव पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस आय़ुक्त ने समस्याओं और सुझावों पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कदम उठाकर समाधान सुनिश्चित किया जाए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने यह भी बताया कि मोबाइल नंबर 9670705555 पर प्रतिदिन दोपहर 12 से 01 बजे के मध्य आम नागरिकों से सीधा संवाद किया जाएगा। इस दौरान नागरिक पुलिसकर्मियों द्वारा किसी भी प्रकार की अनुचित मांग या भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें, साथ ही जनपद में संचालित अवैध गतिविधियों जैसे वेश्यावृत्ति, हुक्काबार, जुआ, सट्टा, अवैध वाहन स्टैंड आदि की सूचना निर्भीक होकर दे सकते हैं।

पुलिस आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नागरिक अपनी शिकायतें और सुझाव उक्त मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से भी भेज सकते हैं।

Share this story