पुलिस कमिश्नर ने चौकाघाट से लहरतारा तक किया पैदल गश्त, यातायात व्यवस्था का जाना हाल, अफसरों को दिए कड़े निर्देश
वाराणसी। बढ़ती यातायात समस्या को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने “Reducing Traffic Congestion (RTC)” योजना के तहत सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में 5 मई 2026 को उन्होंने अंधरापुल से लहरतारा होते हुए मंडुआडीह चौराहा तक लगभग 7 किलोमीटर क्षेत्र का पैदल निरीक्षण कर ट्रैफिक व्यवस्था की जमीनी हकीकत का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने प्रमुख चौराहों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग के निर्देश दिए, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी निगरानी की जा सके। उन्होंने शहर में संचालित ऑटो और टोटो चालकों के लिए बारकोड प्रणाली का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया, जिससे उनकी पहचान और नियंत्रण आसान हो सके।
कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि RTC योजना के तहत चिन्हित 10 प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को रूट मार्शल नियुक्त किया गया है। इनकी जिम्मेदारी संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पीक आवर्स में भी यातायात को निर्बाध बनाए रखना है।

अतिक्रमण को ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह मानते हुए उन्होंने सड़क और फुटपाथ पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही बिना नंबर प्लेट वाहनों, रांग साइड ड्राइविंग और तीन सवारी जैसे नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
इसके अलावा अवैध ऑटो और रिक्शा स्टैंडों को चिन्हित कर तत्काल हटाने तथा व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ठेला-खुमचा लगाकर सड़क बाधित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि यातायात सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, वरुणा जोन के पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार, यातायात पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार यादव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि RTC योजना का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को जाम से राहत दिलाना, यात्रा समय कम करना और यातायात को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाना है। इस पहल से आने वाले दिनों में वाराणसी की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

