12 वर्षों में बदला भारत का स्वरूप, जनकल्याण और विकास की नई गाथा लिखी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वाराणसी में “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर आधारित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। साथ ही लाभार्थियों को सम्मानित कर योजनाओं के प्रभाव को भी साझा किया गया। 

कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास सफलतापूर्वक किया गया है।

123

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल सेवाओं के विस्तार, आत्मनिर्भर भारत अभियान तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से देश तेजी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिलती है और वे उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन भी किया गया।

इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं ने उनके जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीसी एनआरएलएम पवन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि तथा नागरिक उपस्थित रहे।

Share this story