नगर निगम 20 जून से चलाएगा मेगा स्वच्छता अभियान, शहर को 21 सबजोनों में बांटकर होगी सफाई, अफसर करेंगे निगरानी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम शुक्रवार 20 जून को वृहद स्वच्छता अभियान चलाने जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत शहर के सभी प्रमुख मार्गों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंडों और प्रमुख चौराहों की व्यापक स्तर पर सफाई कराई जाएगी। अभियान की कमान स्वयं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संभाल ली है और इसकी सफलता सुनिश्चित करने के लिए पूरे नगर क्षेत्र को 21 सबजोनों में विभाजित कर वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है।

नगर निगम प्रशासन ने इस बार सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। अभियान के दौरान केवल सफाई कर्मचारी ही नहीं, बल्कि निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर सफाई कार्यों की निगरानी करेंगे। दुर्गाकुंड, सारनाथ, दशाश्वमेध और पांडेयपुर जैसे महत्वपूर्ण सबजोनों की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्तों को सौंपी गई है। वहीं संयुक्त नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त और अधिशासी अभियंताओं को भी विभिन्न क्षेत्रों में नोडल अधिकारी बनाया गया है।

नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे सुबह से ही अपने आवंटित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर सफाई कार्यों का नेतृत्व करें और यह सुनिश्चित करें कि अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो। मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को भी विशेष जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अपने-अपने वार्डों में सफाई नायकों और कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली, मिनी टिपर सहित अन्य आवश्यक संसाधनों को पहले से तैयार रखने को कहा गया है।

अभियान के दौरान नालियों से निकाली गई सिल्ट और कूड़े-कचरे का तत्काल उठान कराया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस बार कार्यों की निगरानी के लिए हाईटेक डिजिटल व्यवस्था भी लागू की गई है। प्रत्येक नोडल अधिकारी और सफाई निरीक्षक को सफाई कार्य शुरू होने से पहले और कार्य पूरा होने के बाद की जियोटैग फोटो एवं वीडियो उपलब्ध कराने होंगे। इन तस्वीरों और वीडियो को अधिकारियों के आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों में साझा करना अनिवार्य रहेगा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता या आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के निर्वहन में कोताही बरतता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story