नमो घाट एयर शो को लेकर नगर निगम ने कसी कमर, सफाई से सुरक्षा तक तय हुई जिम्मेदारी

nagar nigam
WhatsApp Channel Join Now

22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा वायु सेना का एरियल डिस्प्ले, लाखों दर्शकों के पहुंचने की संभावना

19 से 26 अक्टूबर तक कार्यक्रम स्थल के 20 से 30 किमी के दायरे में मांस की कटिंग और बिक्री पर प्रतिबंध

वाराणसी। भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य एरियल डिस्प्ले को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में लाखों दर्शकों, स्थानीय नागरिकों और वीवीआईपी अतिथियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सफाई, पेयजल, प्रकाश, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए सभी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

गंगा के दोनों किनारों पर विशेष इंतजाम
आयोजन के दौरान गंगा पार की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके जिम्मे सफाई, डस्टबिन लगाने, सड़कों को गड्ढामुक्त करने, सिल्ट हटाने, मोबाइल टॉयलेट, वाटर टैंकर और साइनेज की व्यवस्था रहेगी। वहीं, गंगा के इस पार घाटों, चौकाघाट से नमो घाट तक जाने वाले मार्ग और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के संपर्क मार्गों की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता को सौंपी गई है। संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र सहायक नोडल अधिकारी के रूप में सहयोग करेंगे। पार्किंग और होल्डिंग क्षेत्रों की सुविधाओं के लिए अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह तथा नमो घाट स्थित मुख्य आयोजन स्थल के लिए स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेन्द्र तिवारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

घाटों पर बैरिकेडिंग, मार्गों पर रोशनी
मुख्य अभियंता (सिविल) सुरेश चंद्र को घाटों से सिल्ट हटाने, सड़कों की मरम्मत और गंगा में गहरे पानी वाले जोखिमपूर्ण स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्थानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे। अधिशासी अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) आरके लाल गंगा के दोनों किनारों, संपर्क मार्गों, पार्किंग स्थलों, रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंड के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे तथा पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

पक्षियों और आवारा पशुओं पर भी नजर
एयर शो के दौरान विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पशु कल्याण अधिकारी विजय अमृतराज को 20 से 26 अक्टूबर तक पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बर्ड हिट की आशंका को देखते हुए 19 अक्टूबर से कार्यक्रम समाप्ति तक नमो घाट के 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में मांस की कटिंग और बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। शहर और घाटों के आसपास आवारा पशुओं के प्रवेश पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

BK Pathak
BK Pathak

21162 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story