नगर निगम ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, अवैध वसूली करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की करें शिकायत, गोपनीय रहेगी पहचान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम प्रशासन ने शहर में भ्रष्टाचार, अवैध धन वसूली और अनधिकृत शुल्क मांगने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए कड़ा कदम उठाया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इस संबंध में एक विशेष सार्वजनिक हेल्पलाइन नंबर 0542-2282834 जारी किया है, जिसके माध्यम से अब आम नागरिक सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी भी कार्य के लिए निगम के अधिकारी, कर्मचारी या कोई बाहरी व्यक्ति अवैध रूप से पैसे की मांग करता है, तो उसकी शिकायत इस हेल्पलाइन पर तुरंत की जा सकती है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि किसी प्रकार का दबाव या भय उत्पन्न न हो।

नगर आयुक्त ने कहा है कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ नगर निगम की नीति बिल्कुल जीरो टॉलरेंस की है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना किसी हिचकिचाहट के ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत उपलब्ध कराएं, ताकि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा सके।

इस हेल्पलाइन नंबर को व्यापक रूप से प्रचारित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसे नगर निगम के सभी कार्यालयों, जोनल कार्यालयों और जलकल विभाग के नोटिस बोर्ड पर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही होर्डिंग्स और अन्य माध्यमों से भी इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास भी मजबूत होगा। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से अवैध वसूली की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी और नगर सेवाओं में जवाबदेही सुनिश्चित होगी। 

Share this story