नगर आयुक्त ने लहुराबीर मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण का जाना हाल, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को दिए जरूरी निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम की महत्वाकांक्षी बांड परियोजना के अंतर्गत लहुराबीर में बन रहे बहुप्रतीक्षित वाणिज्यिक मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य का गुरुवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि परियोजना का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। साथ ही निर्माण स्थल पर मौजूद अधिकारियों से तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी ली।

123

हिमांशु नागपाल ने निर्देशित किया कि यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आ रही हो तो उसे तत्काल दूर किया जाए, ताकि परियोजना का लाभ जल्द से जल्द आमजन को मिल सके। उन्होंने कहा कि यह मार्केट कॉम्प्लेक्स क्षेत्र की व्यावसायिक गतिविधियों को नया आयाम देगा और व्यापारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना शहर के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कॉम्प्लेक्स बनने के बाद स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ ही नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यवसायिक परिसर उपलब्ध होगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Share this story