प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों की समीक्षा, मनरेगा भुगतान, स्वच्छता, सोलर योजनाओं और वन ट्रिलियन डॉलर लक्ष्य पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सर्किट हाउस सभागार में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीएम डैशबोर्ड के आधार पर विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में वाराणसी के योगदान पर विशेष चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने मनरेगा भुगतान, स्वच्छता, सोलर योजनाओं पर विशेष जोर दिया। 

वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में जिले की भूमिका
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि 30 विभागों की 85 योजनाओं में जनपद की रैंक 40 है, जिसमें 65 योजनाओं को ए प्लस ग्रेड प्राप्त हुआ है। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाएं, ताकि अधिकतम पात्र लाभार्थी योजनाओं से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हर विभाग को अपने स्तर से ठोस प्रयास करने होंगे।

123

मनरेगा, आवास और रोजगार योजनाओं की समीक्षा
मनरेगा की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने श्रमिकों का शत-प्रतिशत और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), डे-एनआरएलएम और पीएम कुसुम योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रमुख प्राथमिकता रोजगार सृजन है और युवाओं को बैंक ऋण के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का व्यापक प्रचार किया जाए।

स्वच्छता और आधारभूत संरचना पर सख्त निर्देश
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद को प्रथम रैंक दिलाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए मंत्री ने इसे जनआंदोलन के रूप में लेने की अपील की। जलनिगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत बिल सुधार, खराब ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन और सोलर स्ट्रीट लाइट योजनाओं की भी समीक्षा की गई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में 535 के लक्ष्य के सापेक्ष सभी लाइटें स्थापित होने पर जनपद को प्रथम रैंक प्राप्त हुई है।

कृषि, मत्स्य और सामाजिक योजनाओं में प्रगति
मत्स्य संपदा योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए मंत्री ने वर्तमान आंकड़ों में तीन गुना वृद्धि का लक्ष्य निर्धारित किया। कृषि, पशुधन, वानिकी और मत्स्य क्षेत्र को जीडीपी में योगदान बढ़ाने का आधार बताया गया। कन्या सुमंगला योजना के तहत 87,052 लाभार्थियों को 19.89 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 65.97 लाख रुपये का हस्तांतरण किया गया, जबकि कृषि रक्षा रसायन डीबीटी में शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित हुआ।

निरीक्षण, जनसुनवाई और उज्ज्वला लाभार्थियों को सब्सिडी
समीक्षा बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री ने पांडेयपुर और सरसौली की मलिन बस्तियों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अलावा रविंद्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में जनसुनवाई कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण की घोषणा की गई। जनपद की चिन्हित महिला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से सब्सिडी वितरित की गई।

इनकी रही उपस्थिति
बैठक में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, डॉ सुनील पटेल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीएफओ स्वाति सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story