देश के कोने-कोने तक पहुंचेगा संत रविदास का संदेश, कलश में भरकर गांव-गांव भेजी जाएगी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशव्यापी स्तर पर एक विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत वाराणसी के सीरगोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी 131 कलशों में भरकर उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों, जिलों और गांवों तक पहुंचाई जाएगी। इन कलशों का पूजन कर संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भव्य आयोजन किया जाएगा। 

123

गुरु पूर्णिमा पर होगा भव्य कलश पूजन
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत रविदास जन्मस्थली पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा देशभर से संत समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान 131 कलशों में भरी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन एवं आरती की जाएगी। इसके बाद एक विशाल जनसभा का भी आयोजन होगा।

123

28 जुलाई को पहुंचेगी 131 टोलियां
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार 28 जुलाई को देशभर के विभिन्न राज्यों से 131 टोलियां सीरगोवर्धनपुर पहुंचेंगी। ये सभी टोलियां जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को निर्धारित कलशों में भरेंगी। 29 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संत समाज की उपस्थिति में इन कलशों का पूजन होगा। इसके अगले दिन 30 जुलाई को सभी 131 कलश विशेष वाहनों के माध्यम से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना किए जाएंगे।

123

27 राज्यों, 98 जिलों और छह जोन तक पहुंचेगी मिट्टी
भाजपा के अनुसार इन 131 कलशों के माध्यम से उत्तर प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिलों, देश के 27 राज्यों और छह संगठनात्मक जोनों तक संत रविदास जन्मस्थली की मिट्टी पहुंचाई जाएगी। वहां गांवों, कस्बों और बस्तियों में कलशों का स्वागत, पूजन और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को देशभर में प्रसारित करना है।

123

गुरु पूर्णिमा से माघी पूर्णिमा तक चलेंगे कार्यक्रम
तरुण चुग ने बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भाजपा ने गुरु पूर्णिमा (आषाढ़ पूर्णिमा) से लेकर माघी पूर्णिमा तक देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस अवधि में संत रविदास के जीवन, उनके विचारों, सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश पर आधारित संगोष्ठियां, जनसभाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरण अभियान चलाए जाएंगे।

123

'संत रविदास केवल संत नहीं, सामाजिक समरसता के महानायक'
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का योगदान केवल काशी या उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है। उन्होंने पूरे देश और विश्व को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि जन्मस्थली की मिट्टी को देशभर तक पहुंचाने का यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का एक राष्ट्रीय अभियान है।

123

मंडलायुक्त और पुलिस कमिश्नर ने परखी तैयारी 
कार्यक्रम में वीवीआईपी आगमन के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट है। बुधवार को सीरगोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली का प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया। मंडलायुक्त एस राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार समेत अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

123
प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
29 जुलाई को होने वाले इस भव्य आयोजन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

123

यह आयोजन संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रमों में शामिल माना जा रहा है, जिसके माध्यम से काशी से सामाजिक समरसता और मानवता का संदेश देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

देखें वीडियो

Share this story