सीर गोवर्धनपुर से गूंजा समरसता का संदेश, मुख्यमंत्री योगी ने किया राष्ट्रव्यापी 'समरसता संकल्प अभियान' का शुभारंभ
संत रविदास की 650वीं प्रकाश वर्ष पर जन्मस्थली पहुंचकर मुख्यमंत्री ने किया दर्शन-पूजन, कहा- संत रविदास के समतामूलक समाज के सपने को सरकार दे रही साकार रूप
"ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न..." की भावना को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना ने किया साकार: मुख्यमंत्री योगी
मुख्यमंत्री बोले- संत रविदास समतामूलक और भेदभाव रहित समाज के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत वर्ष 2020 से 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन मिलने का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा- भदोही जिले का नाम 'संत रविदास नगर' ही रहेगा
अर्जुन राम मेघवाल ने मंच से संत रविदास का भजन "प्रभुजी तुम चंदन मैं पानी" प्रस्तुत किया।
पंकज चौधरी ने संत रविदास के विचारों को घर-घर पहुंचाने का किया आह्वान
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत रविदास के आदर्शों को शासन में चरितार्थ किया
बृजेश पाठक ने संत रविदास को सामाजिक समरसता और एकता का महान संदेशवाहक बताया
कार्यक्रम में संत समाज, केंद्रीय एवं प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक तथा हजारों श्रद्धालुओं की रही सहभागिता
वाराणसी। संत शिरोमणि सद्गुरु संत रविदास महाराज के 650वें प्रकाश वर्ष के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सीर गोवर्धनपुर स्थित उनकी जन्मस्थली पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने रविदास स्मारक स्थित प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा संत रविदास पार्क में आयोजित विशाल जनसभा में राष्ट्रव्यापी 'समरसता संकल्प अभियान' का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में संचालित होगा, जिसका उद्देश्य संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने सदियों पहले भेदभाव रहित समतामूलक समाज की कल्पना की थी। उनका संदेश आज भी समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास की वाणी "ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे..." को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से साकार किया है। वर्ष 2020 से बिना किसी भेदभाव के 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोहराया कि भदोही जिले का नाम 'संत रविदास नगर' ही रहेगा तथा प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता और अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय और सामाजिक न्याय से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम को केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं बृजेश पाठक, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, राज्यसभा सांसद तरुण चुग सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। अर्जुन राम मेघवाल ने मंच से संत रविदास का प्रसिद्ध भजन "प्रभुजी तुम चंदन मैं पानी" गाकर सुनाया, जबकि अन्य वक्ताओं ने संत रविदास के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में डेरा सच्चा पंथ के प्रमुख संत निरंजन दास, जगद्गुरु नरेंद्रानंद महाराज, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, संत समाज तथा हजारों की संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



