नमो घाट से गूंजा फिटनेस का संदेश, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने युवाओं संग चलाई साइकिल

123
WhatsApp Channel Join Now

‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ थीम पर 94वें फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का आयोजन, एशियाई खेलों के पदक विजेताओं ने भी बढ़ाया उत्साह

वाराणसी। नमो घाट पर रविवार को 94वें फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए फिटनेस अपनाने, नशे से दूर रहने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के तहत सुबह नमो घाट से साइकिल यात्रा शुरू हुई, जो संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षा मंडप तक पहुंची। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी प्रतिभागियों के साथ साइकिल चलाकर लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। यात्रा के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

123

एशियाई खेलों के पदक विजेताओं ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में 2026 आइची-नागोया एशियाई खेलों के पदक विजेता प्राची चौधरी, पारुल चौधरी, जय कुमार और राज कुमार पाल भी शामिल हुए। खिलाड़ियों ने युवाओं से खेल को जीवन का हिस्सा बनाने, अनुशासन बनाए रखने और नियमित व्यायाम करने की अपील की। उन्होंने फिट रहने के साथ नशे से दूर रहकर अपने भविष्य और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

योग और जुम्बा से भी दिया फिटनेस का संदेश
साइकिल यात्रा के साथ नमो घाट पर योग, जुम्बा, मनोरंजक खेल और विभिन्न फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने इन गतिविधियों में हिस्सा लेकर शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति उत्साह दिखाया। वक्ताओं ने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी प्रभावी माध्यम है।

123

ईंधन की बचत और ट्रैफिक की समस्या में मिलेगी मदद
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि नमो घाट से संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइकिल चलाने से पर्यावरण प्रदूषण पर लगाम लगाने में मदद मिलती है। यह फिटनेस का मंत्र होने के साथ ईंधन की बचत और ट्रैफिक की समस्या के समाधान में भी सहायक हो सकता है। उन्होंने कहा कि संडे ऑन साइकिल अभियान के माध्यम से लोगों को नियमित साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Share this story