रोमानिया के मिलिशौती शहर के मेयर पहुंचे वाराणसी, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर देखा, रूस-यूक्रेन युद्ध के समय की थी भारतीयों की मदद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोमानिया के मिलिशौती शहर के मेयर वासिले कारारे वाराणसी पहुंचे। उन्होंने सोमवार को “काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर” का भ्रमण किया। साथ ही शहर की प्रमुख परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर मेयर का स्वागत व अभिनंदन किया। वासिले करारे ने रूस-यूक्रेन युद्ध के समय भारतीयों की मदद की थी। 


मेयर ने सर्वप्रथम “काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर” की कार्यप्रणाली को समझा तथा यहां के समस्त मुख्य कंपोनेंट जैसे सिटी सर्विलांस, फ़ेशियल रेकग्निशन सिस्टम, इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पब्लिक एड्रेस एवं वेरिएबल मैसेज सिस्टम, बीट मैपिंग आदि संबंधित विवरण प्राप्त किया। नगर आयुक्त/सीईओ स्मार्ट सिटी हिमांशु नागपाल द्वारा मेयर को नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी अंतर्गत विभिन्न कार्यों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।

123

नगर आयुक्त ने बताया कि किस प्रकार धर्म नगरी काशी में भारी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु एवं दर्शनार्थी आते हैं तथा उनको एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किए जाने हेतु किस प्रकार वाराणसी नगर निगम एवं संपूर्ण जिला प्रशासन कार्यरत है। उक्त प्रस्तुतिकरण एवं भ्रमण कार्यक्रम में नगर आयुक्त के साथ ही अपर नगर आयुक्त संगम लाल, मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी, मुख्य अभियंता आरके सिंह, प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी समेत अन्यजन उपस्थित रहे ।

वर्ष 2022 के रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान, रोमानिया के मिलिशौती सिटी के मेयर वासिल कारारे ने फंसे हुए भारतीय छात्रों की सहायता के लिए मानवीय प्रयासों में एक अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपने समुदाय के स्पोर्ट्स हॉल को एक अस्थायी आश्रय गृह में बदल दिया, जहां कुल 1,500 छात्रों के रहने की व्यवस्था की गई।

ये प्रयास ऑपरेशन गंगा का हिस्सा थे, जो भारत सरकार का एक मिशन था। इस मिशन के तहत रोमानिया, पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया और मोल्दोवा सहित पड़ोसी देशों के माध्यम से 22,500 से अधिक भारतीय नागरिकों (मुख्य रूप से छात्रों) को सुरक्षित वापस लाया गया।

Share this story