मनीष हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को दी शरण, चार शरणदाता पहुंचे सलाखों के पीछे, पुलिस का सख्त एक्शन 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को शरण देने वाले चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही कई मुख्य आरोपियों और उनके सहयोगियों को पकड़ चुकी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

26 अप्रैल को घमहापुर में एक अनियंत्रित कार की टक्कर से एक महिला घायल हो गई थी। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना फूलपुर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 अप्रैल को चार मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 3 मई को फरार आरोपियों को शरण देने वाले पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

पुलिस ने फरार आरोपियों पर पहले 25 हजार और बाद में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 4 मई को थाना फूलपुर और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो इनामी आरोपियों आशीष राजभर और मनीष राजभर को गिरफ्तार कर उनके पास से अवैध असलहा बरामद किया था।

इसी क्रम में 5 मई को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घमहापुर क्षेत्र से चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो मुख्य अभियुक्तों को छिपाने, उन्हें संसाधन उपलब्ध कराने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों में शिवचंद प्रसाद, मुकुंद लाल, किसन और गणेश कुमार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी जानबूझकर हत्या जैसे गंभीर अपराध में शामिल मुख्य अभियुक्तों को संरक्षण दे रहे थे। सभी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक राजित राम यादव, आरक्षी अक्षय यादव और कांस्टेबल रूपचंद्र सरोज शामिल रहे।

Share this story