हरी साड़ी वाली ‘ग्रीन आर्मी’ बदल रही गांवों की तस्वीर, बेटी के जन्म से आत्मनिर्भरता तक बन रही महिलाओं का सहारा

WhatsApp Channel Join Now

योगी सरकार की मिशन शक्ति को जनभागीदारी से दे रही मजबूती, गांव-गांव पहुंचा रहीं जागरूकता का संदेश

बेटी के जन्म पर सोहर गाकर मनाती हैं खुशियां, पढ़ाई न छूटे इसलिए देती हैं साइकिल और स्कूल बैग

घाटों और मंदिरों पर छोड़े गए पुराने वस्त्रों से बना रहीं उपयोगी उत्पाद, पर्यावरण संरक्षण के साथ महिलाओं को रोजगार

वाराणसी। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और महिला स्वावलंबन की राह मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश के कई जिलों में महिलाओं की एक आर्मी काम कर रही है, जिसे ‘ग्रीन आर्मी’ के नाम से जाना जाता है। यह आर्मी किसी हथियार के दम पर नहीं, बल्कि जागरूकता, शिक्षा, सामाजिक भागीदारी और महिला सशक्तिकरण के जरिए समाज में बदलाव की अलख जगा रही है। योगी सरकार की मिशन शक्ति की भावना को जमीन पर उतारते हुए ग्रीन आर्मी की महिलाएं गांव-गांव जाकर महिलाओं और बेटियों को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक कर रही हैं।


 किसी घर में बेटी का जन्म होता है तो वहां खुशियां मनाने के लिए ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचती हैं हरी साड़ी पहने महिलाएं। वे सोहर गाती हैं, नवजात की मां को पोषण पोटली भेंट करती हैं और बेटी के नाम पर पौधारोपण कर उसके जन्म को उत्सव का रूप देती हैं। यह किसी सरकारी कार्यक्रम का औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं की ऐसी टोली की पहल है, जो समाज में बेटियों के प्रति सोच बदलने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इस टोली को ‘ग्रीन आर्मी’ के नाम से जाना जाता है।

123

योगी सरकार की मिशन शक्ति की भावना को जनभागीदारी के माध्यम से जमीन पर उतार रही यह ग्रीन आर्मी महिलाओं को उनके अधिकारों, बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के प्रति जागरूक कर रही है। इसकी शुरुआत बीएचयू के पूर्व छात्र रवि मिश्रा ने अपने सहयोगियों के साथ वर्ष 2015 में की थी। आज पूर्वांचल समेत प्रदेश के आठ जिलों में संगठन से जुड़ी करीब 2,600 ग्रामीण महिलाएं इस अभियान को आगे बढ़ा रही हैं। इनका उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि जरूरत के समय महिलाओं और बेटियों को व्यावहारिक मदद उपलब्ध कराना भी है।

बेटी के जन्म पर सोहर, मां को पोषण पोटली और नवजात के नाम पर पौधारोपण

ग्रीन आर्मी की सबसे भावुक और प्रेरक पहल बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाना है। किसी परिवार में बेटी जन्म लेती है तो संगठन की महिलाएं वहां पहुंचकर सोहर गाती हैं और परिवार के साथ खुशियां साझा करती हैं। बेटी को जन्म देने वाली मां को पौष्टिक खाद्य पदार्थों से तैयार पोषण पोटली भेंट की जाती है। इसके साथ ही नवजात के नाम पर पौधारोपण भी किया जाता है। इस पहल के जरिए महिलाएं समाज में बेटियों के जन्म को लेकर बनी नकारात्मक धारणाओं को बदलने और उनके स्वागत का सकारात्मक माहौल तैयार करने का प्रयास कर रही हैं।

123

शिक्षा और स्वास्थ्य की राह में बेटियों का सहारा बन रही महिलाएं

ग्रीन आर्मी बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। गांवों में बच्चियों का समय पर टीकाकरण हो, उनका स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी कारण से उनकी पढ़ाई बीच में न छूटे, इसके लिए संगठन की महिलाएं लगातार प्रयास करती हैं। वे स्कूल के प्रधानाचार्यों और अभिभावकों से संवाद कर छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति पर नजर रखती हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की पढ़ाई जारी रखने के लिए महिलाएं आपस में धनराशि जुटाती हैं और जरूरत के अनुसार स्कूल बैग, किताबें तथा साइकिल उपलब्ध कराती हैं। उनका प्रयास है कि आर्थिक तंगी किसी बेटी के सपनों और शिक्षा के रास्ते में बाधा न बने।

300 छात्राओं का कराया नामांकन, 100 को साइकिल और 500 को दिए स्कूल बैग

ग्रीन आर्मी की ओर से अब तक करीब 300 छात्राओं का स्कूलों में नामांकन कराया जा चुका है। लगभग 100 छात्राओं को साइकिल और 500 छात्राओं को स्कूल बैग उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा करीब 500 बच्चों के टीकाकरण में भी संगठन ने सहयोग किया है। ये आंकड़े बताते हैं कि स्थानीय स्तर पर सामूहिक प्रयास और सामाजिक भागीदारी के जरिए शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में किस तरह बदलाव लाया जा सकता है।

123

तीन महीने के प्रशिक्षण के बाद ग्रीन आर्मी में शामिल होती हैं महिलाएं

ग्रीन आर्मी से जुड़ने वाली महिलाओं को भी जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जाता है। संगठन में शामिल होने से पहले उन्हें तीन महीने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इस दौरान निरक्षर महिलाओं को साक्षर बनाने के साथ सरकारी योजनाओं, संविधान और महिलाओं के अधिकारों की जानकारी दी जाती है। इसके अलावा आत्मरक्षा के लिए जूडो-कराटे का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद परीक्षा आयोजित की जाती है और उसमें सफल होने वाली महिलाओं को ग्रीन आर्मी में शामिल किया जाता है। इस प्रक्रिया से महिलाएं न केवल अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनती हैं, बल्कि अपने गांव और आसपास की दूसरी महिलाओं को भी जागरूक करने में सक्षम होती हैं।

पुराने वस्त्रों से बना रहीं थैले और उपयोगी उत्पाद, महिलाओं को मिल रहा रोजगार

ग्रीन आर्मी की पहल महिला स्वावलंबन के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दे रही है। वाराणसी के घाटों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की ओर से छोड़े गए पुराने वस्त्रों को संगठन की महिलाएं एकत्र करती हैं। इन वस्त्रों की अच्छी तरह सफाई करने के बाद उनसे कपड़े के थैले और अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इससे एक ओर पुराने वस्त्रों का पुनः उपयोग सुनिश्चित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को इन उत्पादों के जरिए स्वरोजगार का अवसर मिल रहा है। इस तरह महिलाएं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के साथ अपनी आजीविका चलाने की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।

आठ जिलों में 2,600 ग्रामीण महिलाओं का समूह, 2015 में हुई थी शुरुआत

ग्रीन आर्मी की स्थापना वर्ष 2015 में रवि मिश्रा ने की थी। उनके पढ़ाए हुए छात्र श्यामाकांत, संदीप गुप्ता, दिव्यांशु उपाध्याय, नितेश जायसवाल, विकास दीक्षित और अजितेश श्रीवास्तव भी इस अभियान में सहयोगी के रूप में सक्रिय हैं। वर्तमान में संगठन वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, जौनपुर, अयोध्या, फिरोजाबाद और बलिया समेत प्रदेश के आठ जिलों में काम कर रहा है। संगठन से अलग-अलग आयु और सामाजिक वर्गों की महिलाएं जुड़ी हैं। ये महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों में महिला अधिकारों, बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के लिए काम कर रही हैं।

प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी कर चुके हैं सराहना

ग्रीन आर्मी के कार्यों की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न मंत्रियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से भी की जा चुकी है। संगठन की खासियत यह है कि इसकी महिलाएं सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की पढ़ाई जारी रखने और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए स्वयं संसाधन भी जुटाती हैं। इस तरह ग्रीन आर्मी की महिलाएं मिशन शक्ति के उद्देश्यों को सामाजिक भागीदारी के जरिए मजबूती दे रही हैं। उनकी हरी साड़ी अब केवल संगठन की पहचान नहीं, बल्कि महिला सम्मान, बेटी की शिक्षा और आत्मनिर्भरता के संदेश का प्रतीक बन गई है।

महिलाओं की जुबानी, बदलाव की कहानी

प्रेमलता, सदस्य, ग्रीन आर्मी ने बताया कि योगी सरकार की मिशन शक्ति योजना ने ग्रीन आर्मी को नई शक्ति और पहचान दी है। जब हम महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनकी मदद के लिए आगे आती हैं, तो प्रशासन भी हमारा सहयोग करता है। इससे हमारा हौसला बढ़ता है और हम पूरी मजबूती के साथ महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए काम कर पाती हैं।

मंजू देवी, सदस्य, ग्रीन आर्मी ने बताया कि ग्रीन आर्मी के अभियान से महिलाओं की जिंदगी संवर रही है। इसके साथ ही हम जैसी महिलाओं को भी स्वरोजगार का अवसर मिल रहा है। सबसे ज्यादा खुशी तब होती है, जब हमारे प्रयासों से किसी महिला के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। आज हम न केवल अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी अपनी भागीदारी निभा रही हैं।

BK Pathak
BK Pathak

21790 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story