पूर्वांचल के सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियरों का महाधिवेशन संपन्न, 26 सूत्रीय मांगें उठाई 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन, उत्तर प्रदेश (पेंशन प्रकोष्ठ) पूर्वांचल का 12वां वार्षिक महाधिवेशन रविवार को महमूरगंज स्थित शगुन लॉन में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियरों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन दो सत्रों में किया गया। प्रथम सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि निदेशक (वाणिज्य) शिशिर कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संगठन के केंद्रीय उपमहासचिव ई. दीपक गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। उद्घाटन सत्र में पेंशन प्रकोष्ठ पूर्वांचल के महासचिव ई. अवधेश मिश्र ने संगठन की ओर से 26 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया, जिसमें सेवानिवृत्त एवं कार्यरत कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

123

मुख्य अतिथि शिशिर कुमार ने पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से आए वरिष्ठ सदस्यों की सक्रियता और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन द्वारा प्रस्तुत मांगों को गंभीरता से संबंधित उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा तथा जिन बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी, उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

सभा में वरिष्ठ सदस्यों का स्वागत करते हुए संरक्षकद्वय ई. शिव लखन राम गुप्ता एवं ई. आर.के. पाण्डेय ने संगठन की एकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अनुभवी सेवानिवृत्त साथियों का मार्गदर्शन संगठन के नए सदस्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही युवा सदस्यों से अपील की गई कि वे वरिष्ठों के सुख-दुख में सहभागी बनें और संगठन को मजबूत बनाने में योगदान दें।

संरक्षकों ने ऊर्जा क्षेत्र के विभिन्न निगमों, जैसे पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड एवं दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निजीकरण के प्रस्तावों पर पुनर्विचार की मांग उठाई। उनका कहना था कि मौजूदा व्यवस्था में सुधार कर विभाग के घाटे को कम किया जा सकता है और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकती हैं। इसके अलावा एलएमवी-10 सुविधा को यथावत बनाए रखने तथा सभी कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की भी मांग की गई।

द्वितीय सत्र में संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान अंचल महासचिव द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन, वित्त सचिव द्वारा वित्तीय रिपोर्ट तथा लेखा निरीक्षक द्वारा लेखा परीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया।

नवगठित कार्यकारिणी में ई. शिव लखन राम गुप्ता एवं ई. आर.के. पाण्डेय को संरक्षक, ई. आई.पी. सिंह को अध्यक्ष, ई. वी.डी. यादव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ई. एस.डी. सिंह को उपाध्यक्ष, ई. अवधेश मिश्र को महासचिव, ई. राजेन्द्र सिंह को प्रचार सचिव, ई. सुदामा तिवारी को वित्त सचिव, ई. झूरी राम पाल को सह प्रचार सचिव तथा ई. अनिल कुमार सिंह को लेखा निरीक्षक निर्विरोध चुने गए।

महाधिवेशन की अध्यक्षता ई. इन्द्रपाल सिंह ने की तथा संचालन महासचिव ई. अवधेश मिश्र ने किया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष ई. इन्द्रपाल सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share this story