आनंद कानन में बहेगी योग की गंगा, तैयारियां पूरी, सिगरा स्टेडियम बनेगा योग का केंद्र

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को काशी में स्वास्थ्य, अध्यात्म और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। नगर निगम वाराणसी की ओर से सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हजारों योग साधकों के जुटने की संभावना है।

नगर निगम के अनुसार, रविवार सुबह ठीक 6 बजे मंत्रोच्चार और ‘ॐ’ के उच्चारण के साथ सामूहिक योग सत्र की शुरुआत होगी। काशी की आध्यात्मिक परंपरा और योग की वैश्विक पहचान को एक साथ जोड़ते हुए यह आयोजन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोग भाग लेकर योग और प्राणायाम का अभ्यास करेंगे।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और जीवन दर्शन का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि काशी सदियों से ज्ञान, ध्यान और आध्यात्मिक चेतना की भूमि रही है। ऐसे में योग दिवस का यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश देने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने शहरवासियों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। योग साधकों के लिए स्टेडियम में मैट, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। नगर निगम की विभिन्न टीमें आयोजन स्थल पर तैनात रहेंगी ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि योगाभ्यास अनुभवी योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कराया जाएगा। इससे सभी आयु वर्ग के लोग सुरक्षित रूप से योग सत्र में भाग ले सकेंगे और इसके लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

Share this story