46.18 करोड़ की लागत से बनेगी फ्लैटेड फैक्ट्री, 18 महीने में होगी तैयार, 4000 लोगों को मिलेगा रोजगार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चांदपुर-मेहंदीगंज औद्योगिक क्षेत्र में 1.86 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित फ्लैटेड फैक्ट्री के निर्माण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 28 अप्रैल को इस परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं। उद्योग विभाग की ओर से इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर के अलावा तीन मंजिलों वाली यह आधुनिक फैक्ट्री 18 महीने के भीतर बनकर तैयार हो जाएगी। करीब 46.18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में कुल 73 इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिनमें 44 औद्योगिक और 29 अन्य दुकानें शामिल होंगी।

यह फैक्ट्री सिस्टम आधारित होगी, जिसमें सिल्क, गारमेंट, पैकेजिंग, लेदर और हस्तशिल्प से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इससे वाराणसी समेत पूर्वांचल के उद्यमियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत उद्यमियों को लोडिंग-अनलोडिंग के लिए बेसमेंट, पार्किंग, कैंटीन, फर्स्ट एड सेंटर, क्रेच और कॉन्फ्रेंस हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही उत्पादों के भंडारण और मार्केटिंग के लिए स्टोर रूम की भी व्यवस्था होगी।

इस फैक्ट्री के निर्माण से करीब 4000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है, जिसमें लगभग 2500 लोगों को प्रत्यक्ष और 1500 को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त होगा। स्थानीय स्तर पर इस परियोजना को औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Share this story