इंग्लिशिया लाइन में जर्जर भवन नगर निगम ने चलवाया बुलडोजर, सुरक्षा के लिए तैनात रही पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में खतरनाक और जर्जर भवनों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को सिगरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशिया लाइन इलाके में बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय के निर्देश पर एक पुराने और जर्जर भवन को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान में करीब चार बुलडोजर लगाए गए, जिन्होंने कुछ ही घंटों में पूरे भवन को जमींदोज कर दिया। ध्वस्तीकरण के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

कार्रवाई के दौरान प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता भवन के नीचे स्थित मंदिर को सुरक्षित रखना रही। अधिकारियों ने बेहद सावधानी और योजना के साथ ध्वस्तीकरण कराया, जिससे धार्मिक स्थल को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की सतर्कता की सराहना की।

ध्वस्तीकरण की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पूरी कार्रवाई को देखने के लिए मौजूद रहे। कुछ समय के लिए इलाके में हलचल भी बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति पूरी तरह नियंत्रित रही।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में चिह्नित किए गए अन्य जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ भी इसी तरह अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना है कि ऐसे भवन कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं, इसलिए समय रहते उन्हें हटाना जरूरी है, ताकि जनहानि की किसी भी आशंका को टाला जा सके।

Share this story