कफ सिरप कांड को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा, खिलौना बुलडोजर दिखाकर और सिटी बजाकर किया सवाल, बोले, भेदभाव करता है यह बुलडोजर
वाराणसी। कफ सिरप कांड को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में पत्रकार वार्ता के दौरान खिलौना बुलडोजर दिखाकर सरकार से सवाल किया कि कफ सिरप की तस्करी करने वालों पर आखिर कब बुलडोजर चलेगा। उन्होंने पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की वाराणसी कोर्ट में पेशी के दौरान सिटी बजाने पर भी पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर भेदभाव करता है। यह सिर्फ विपक्ष के लोगों पर चलता है।
अजय राय ने कहा कि प्रदेश में बुलडोज़र न्याय का दावा किया जाता है, लेकिन हकीकत यह है कि यह न्याय सबके लिए समान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोज़र केवल विपक्षी नेताओं और कांग्रेस से जुड़े लोगों के घरों पर ही चलता है, जबकि कफ सिरप जैसे गंभीर मामलों में, जहां बच्चों की मौतें हुई हैं, वहां कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बच्चों की हत्या करने वालों पर बुलडोज़र नहीं चलेगा?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कफ सिरप कांड में अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई। इस दौरान पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की पेशी का भी मुद्दा उठाया गया। अजय राय ने आरोप लगाया कि अमिताभ ठाकुर की पेशी के समय पुलिसकर्मियों ने सिटी बजाकर मीडिया तक उनकी आवाज पहुंचने से रोका। इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सिटी बजाकर सच्चाई की आवाज दबाने का काम कर रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने खुद सिटी बजाकर सरकार को घेरा।

