राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे पर कांग्रेस नेतृत्व ने फिर जताया भरोसा, सौंपी संगठन की कमान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कांग्रेस नेतृत्व ने वाराणसी में संगठन की कमान एक बार फिर राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे को सौंपी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पूर्व में जारी जिला एवं महानगर अध्यक्षों की सूची के अनुरूप पुनर्नियुक्ति किए जाने के क्रम में राजेश्वर सिंह पटेल को जिला कांग्रेस कमेटी और राघवेंद्र चौबे को महानगर कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। दोनों नेताओं की पुनर्नियुक्ति से जिले और महानगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल है।

पार्टी नेताओं ने इसे दोनों अध्यक्षों के संगठनात्मक समर्पण, संघर्ष और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद का परिणाम बताया है। उनका कहना है कि दोनों नेताओं ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने में सक्रिय भूमिका निभाई है। इसी को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।

दोनों नेताओं की पुनर्नियुक्ति में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अजय राय तथा राष्ट्रीय सचिव वरुण चौधरी सहित शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व की भूमिका रही।

पुनर्नियुक्ति पर राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे ने शीर्ष नेतृत्व एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने दोबारा जिम्मेदारी सौंपकर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। वाराणसी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती सामूहिक मेहनत और कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम है।

दोनों अध्यक्षों ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस वाराणसी की सभी विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती और नई ऊर्जा के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा। गांव, मोहल्ले और वार्डों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाते हुए आम मतदाताओं तक पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बदहाल सड़कें, सीवर, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। आम लोगों की समस्याओं को उठाने के साथ उनके अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखा जाएगा। नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने और प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाने का अभियान भी तेज किया जाएगा।

दोनों नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान, संगठन की मजबूती और जनता की आवाज बनना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के बल पर वाराणसी में कांग्रेस को नई मजबूती प्रदान की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कांग्रेसजनों के सामूहिक प्रयास और जनता के सहयोग से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी अपनी मजबूत राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराएगी।

BK Pathak
BK Pathak

21743 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story