कंपनी बाग में लगेगी मंडलीय शाकभाजी, फल और पुष्प प्रदर्शनी, दो दिवसीय आयोजन में बागवानी नवाचार और उन्नत तकनीकी का होगा प्रदर्शन
वाराणसी। शहर के ऐतिहासिक राजकीय कम्पनी बाग में 21 एवं 22 फरवरी को दो दिवसीय मण्डलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी–2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। उद्यान विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। आयोजन का उद्देश्य कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में नवाचार, उन्नत तकनीक और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देना है।
प्रदर्शनी के साथ दो दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन भी होगा, जिसमें मंडल के विभिन्न जनपदों से आए किसान शाकभाजी, फल, पुष्प, मशरूम उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन, मधुमक्खी पालन तथा ग्रीन हाउस खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक उन्नत खेती की वैज्ञानिक विधियों पर मार्गदर्शन देंगे तथा संबंधित साहित्य भी वितरित करेंगे।
प्रदर्शनी में व्यक्तिगत प्रतिभागियों के साथ-साथ राजकीय संस्थान, महाविद्यालय, निजी पौधशालाएं, उद्यमी, रेलवे एवं अन्य प्रतिष्ठान अपने-अपने स्टॉल लगाकर प्रतियोगिता में भाग लेंगे। आयोजन को विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिनमें शाकभाजी, फल, संरक्षित उत्पाद, गुलाब के कटे फूल, मौसमी पुष्प, गमलों के पौधे, डहेलिया, बोनसाई, औषधीय एवं सुगंधित पौधे, वर्टिकल गार्डन, रंगोली, टेरारियम तथा विवाह मंडप सज्जा प्रमुख हैं। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 700, 500 और 400 रुपये, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस वर्ष प्रदर्शनी को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सहज योग सत्र, नेचर-बेस्ड गतिविधियां, फ्लावर पॉट पेंटिंग, फेस पेंटिंग, आर्ट एवं क्राफ्ट, वैदिक गणित कार्यशाला, बच्चों के लिए हेल्दी बेबी शो, फूड कोर्ट, बनारसी व्यंजन, जीआई उत्पादों का प्रदर्शन तथा ‘छोटा भीम नमो घाट’ और ‘श्रीराम दरबार’ की प्रतिकृति भी आकर्षण का केंद्र होंगी। सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों और बैंड की प्रस्तुतियां माहौल को जीवंत बनाएंगी।
प्रदर्शनी का उद्घाटन 21 फरवरी को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल द्वारा किया जाएगा, जबकि समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 22 फरवरी को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न होगा। आयोजन को लेकर उद्यान विभाग एवं प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

