आंगनबाड़ी केंद्रों में संवर रहा नौनिहालों का बचपन, योगी सरकार दे रही पोषण और शिक्षा को नई मजबूती

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी के 3,914 केंद्रों से 2.41 लाख से अधिक बच्चों को मिल रहा लाभ

उम्र के अनुसार पोषण की व्यवस्था, छोटे बच्चों को घर ले जाने के लिए पुष्टाहार तो 3 से 6 वर्ष के बच्चों को मिल रहा गर्म पका भोजन

खेल-खेल में अक्षर ज्ञान और शुरुआती पढ़ाई से स्कूल की तैयारी कर रहे बच्चे, अभिभावकों ने सराही पहल

वाराणसी। किसी बच्चे के हाथ में पहली बार पेंसिल थमाना हो या उसे पोषण से भरपूर भोजन देना, बचपन की यही छोटी-छोटी शुरुआत उसके बेहतर भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। इसी सोच को जमीन पर उतारते हुए योगी सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण और शुरुआती शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। वाराणसी में ये केंद्र हजारों परिवारों के लिए बच्चों के बेहतर बचपन का सहारा बन रहे हैं। जिले के 3,914 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 2,41,560 बच्चों को विभिन्न सेवाओं का लाभ मिल रहा है। यहां बच्चों को उम्र के अनुसार पोषण देने के साथ खेल और गतिविधियों के जरिए सीखने का अवसर भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

उम्र के मुताबिक पोषण, हर बच्चे की जरूरत का रखा जा रहा ध्यान

बच्चों के विकास में सही पोषण की अहम भूमिका होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर उनकी उम्र के अनुसार पोषण की व्यवस्था की गई है। सात माह से तीन वर्ष तक के बच्चों को घर ले जाने के लिए प्रतिमाह दो पैकेट पुष्टाहार दिए जाते हैं, ताकि उन्हें घर पर भी पोषण मिल सके। वहीं, तीन से छह वर्ष तक के बच्चे नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों पर आते हैं। उनके लिए सुबह नाश्ते में पुष्टाहार और दोपहर में गर्म पके भोजन की व्यवस्था है। मेन्यू के अनुसार बच्चों को खिचड़ी, दलिया और तहरी जैसे पौष्टिक व्यंजन परोसे जाते हैं।

पढ़ाई के साथ खेल-खेल में सीखने का मिल रहा अवसर

आंगनबाड़ी केंद्र अब केवल पोषण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों को स्कूल जाने से पहले सीखने और समझने का माहौल भी दे रहे हैं। मंडुवाडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चे अक्षर ज्ञान और शुरुआती पढ़ाई के साथ खेल-कूद तथा अन्य गतिविधियों में हिस्सा लेते नजर आते हैं। इन गतिविधियों के जरिए उनमें सीखने की रुचि विकसित करने का प्रयास किया जाता है। इससे बच्चों को स्कूल में प्रवेश लेने से पहले पढ़ाई के माहौल से परिचित होने और आगे की शिक्षा के लिए तैयार होने में मदद मिलती है।

आंगनबाड़ी से स्कूल तक आसान हो रही बच्चों की राह

मंडुवाडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाली बच्ची कशिश पटेल की मां कविता देवी भी यहां मिलने वाली सुविधाओं से संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि केंद्र में बच्चों को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलता है। यहां शुरुआती पढ़ाई करने से बच्चों को आगे स्कूल में प्रवेश लेने और पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलती है। इसी तरह शिवम की मां सुनीता देवी का मानना है कि योगी सरकार की ओर से छोटे बच्चों की शुरुआती शिक्षा के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था काफी मददगार साबित हो रही है। यहां पढ़ाई के साथ मिलने वाला पोषण आहार भी बच्चों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। अभिभावकों के ये अनुभव बताते हैं कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के जीवन में शुरुआती स्तर पर ही शिक्षा और पोषण का साथ उपलब्ध करा रहे हैं। सरकार की इस पहल से बच्चों को बेहतर शुरुआत देने के साथ अभिभावकों को भी उनके विकास के लिए एक सहयोगी व्यवस्था मिल रही है।

एक नजर में वाराणसी के आंगनबाड़ी केंद्र

- आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या: 3,914
- लाभान्वित बच्चों की संख्या: 2,41,560
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की संख्या: 3,854
- आंगनबाड़ी सहायिकाओं की संख्या: 3,837

BK Pathak
BK Pathak

21780 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story