सीबीएचआई टीम ने पीएचसी चिरईगांव की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अभिलेखों की जांच की, दिए निर्देश
वाराणसी। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और आंकड़ों की सटीकता का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से केन्द्रीय ब्यूरो ऑफ हेल्थ इंटेलिजेंस (सीबीएचआई) की तीन सदस्यीय टीम ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) चिरईगांव का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, अभिलेखों और ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों का गहन परीक्षण किया।
सीबीएचआई के उप महानिदेशक मूलचंद भास्कर के नेतृत्व में टीम दोपहर करीब 12 बजे पीएचसी चिरईगांव पहुंची। उनके साथ लखनऊ से कनिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी स्वाति सिंह एवं मूल्यांकन सहायक साकेत आनंद भी मौजूद रहे। टीम ने सबसे पहले दवाओं के स्टॉक और वितरण से संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध रिकॉर्ड का सत्यापन किया।

इसके बाद टीम ने प्रयोगशाला का निरीक्षण करते हुए विभिन्न जांचों की रिपोर्टों का अवलोकन किया। पोर्टल पर अपलोड की गई रिपोर्टों का प्रयोगशाला रजिस्टर में दर्ज आंकड़ों से मिलान किया गया, जो पूरी तरह संतोषजनक पाया गया। निरीक्षण के दौरान संचारी एवं गैर-संचारी रोगों से संबंधित आंकड़ों और उनके रखरखाव की भी समीक्षा की गई।
उप महानिदेशक मूलचंद भास्कर ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार को निर्देश दिया कि आग से झुलसने या जलने से संबंधित कोई भी मामला स्वास्थ्य केंद्र पर आने पर उसकी रिपोर्टिंग अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि ऐसे मामलों का सटीक डाटा संकलित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान सहायक शोध अधिकारी कर्णिका सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. मानसी गुप्ता, फार्मासिस्ट अशोक कुमार, कमलसेन, सुमित शुक्ला सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। टीम ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं और अभिलेखों के रखरखाव पर संतोष व्यक्त किया।

