पीएम मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला गरमाया, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ चौक थाने में तहरीर
वाराणसी। प्रधानमंत्री को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मामले को लेकर वाराणसी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से अजय राय पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि महोबा में दिए गए एक कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसी को लेकर वाराणसी में भाजपा समर्थकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

शनिवार को चौक थाना पहुंचे शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को लिखित तहरीर सौंपते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस प्रकार की भाषा का प्रयोग अनुचित है और इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में वायरल वीडियो की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वायरल वीडियो को फर्जी बताते हुए दावा किया है कि वीडियो कृत्रिम तकनीक यानी एआई (Artificial Intelligence) की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस टीम सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की सत्यता की पड़ताल में जुटी हुई है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

