दारू पीकर पहुंचा दुल्हा, नशे में धुत देख दुल्हन ने किया शादी से इनकार, बिन दुल्हन लौटे बाराती

barat

वाराणसी। शादी के दिन भी शराब पीकर आना दूल्हेराजा को महंगा पड़ गया। जयमाल के दौरान नशे में धुत दूल्हे को देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। काफी मान मनौव्वल के बाद भी दुल्हन नही मानी। आखिरकार मान, प्रतिष्ठा की दुहाई देने पर किसी तरह दोनों पक्षों में समझौता तो हो गया लेकिन बारात बिन दुल्हन के लौट गई। 

रविवार की रात युवक की बारात चौबेपुर क्षेत्र से धूमधाम के साथ हरहुआ पहुंची। शादी का कार्यक्रम एक लान में आयोजित था। इस दौरान दूल्हे के दोस्त पूरी मस्ती में थे। दोस्तों की मस्ती के दौरान दूल्हे ने भी शराब पी ली। द्वारपूजा के बाद दूल्हा स्टेज पर पहुंचा। तब तक उस पर नशा सवार हो चुका था। कुछ देर के बाद दुल्हन को उसकी सहेलियां लेकर आईं। इसके बाद दूल्हे राजा दुल्हन की सहेलियों पर फब्तियां कसने लगे। दूल्हेराजा शादी जैसे पवित्र बंधन की मर्यादा भूल गये। उनकी हरकतों को बरातियों और घरातियों ने भी देख लिया था।

दूल्हे की हरकतें रूकने का नाम नही ले रही थीं। तब तक दुल्हन और उसकी सहेलियों को भी पता चल गया कि दूल्हे ने सुरापान कर लिया है। जयमाल होने ही वाला था कि दूल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और सहेलियों संग स्टेज से उतरकर अपने कमरे में चली गई। यह देख सभी लोग परेशान हो गये। परिवार की महिलाएं दुल्हन को मनाने पहुंची। लेकिन दुल्हन ने शराबी दूल्हे से शादी से साफ इनकार कर दिया। अब लड़का पक्ष भी मान मनौव्वल के लिए पहुंचा लेकिन बात नही बनी। इतने में नशे में धुत दूल्हे राजा को पता चला तो उन्हें लगा कि शान में गुस्ताखी हो गई। अब वह भी उल्टा सीधा बकने लगे। खेल तो पहले ही बिगड़ चुका था।

अब और बिगड़ते देख परिवारवालों ने दूल्हे को डांटा और स्टेज से उठाकर बाहर ले गये। उसे गाड़ी में बैठा दिया। लेकिन दूल्हे के दोस्त भी अनाप-शनाप हरकतें करने लगे। किसी तरह उनको नियंत्रित कर हटाया गया। इतने सब के बाद भी लड़की शादी के लिए राजी नही हुई। तब पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी अपने स्तर पर प्रयास किया लेकिन दुल्हन अपनी जिद पर अड़ी रही। बाद में दूल्हे का भाई बहन के पास पहुंचा। उसने परिवार के मान, प्रतिष्ठा की दुहाई दी। तब जाकर दोनों परिवारों में समझौता हुआ। लेकिन शादी की रस्म पूरी नही हो सकी। भोर में साढ़े चार बजे तक पंचायत के बाद बारात बिन दुल्हन लौट गई। बताया जाता है कि दूल्हे और दूल्हन में पहले से दोस्ती थी। दोनों फोन पर बातें करते थे। इसके बाद शादी तय हुई। शादी के दो हफ्ते पहले भी दारू पीकर युवक ने अपनी भावी पत्नी को अपशब्द कहे थे। तभी युवती ने उससे शादी से इनकार कर दिया था। तब युवक ने अपनी गलती मानी थी और शादी तय हो गई। लेकिन दूल्हे राजा अपनी हरकतों से कहां बाज आनेवाले थे। दोस्त तो उनके ‘माशाअल्लाह‘। उन्होंने अपनी मस्ती के लिए आग में घी झोंकने का काम किया। खेल बिगड़ गया तब भी ‘घी‘ और छोड़ रहे थे। जब दोस्त का खेल बिगड़ गया तो उनके दिल को ठंडक मिली। लेकिन दोनों परिवारों की जो ‘जगहंसाई‘ हुई वह चर्चा का विषय बन गया है।

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story