बीएचयू अस्पताल परिसर में फंदे से लटका मिला महिला का शव, सोनभद्र से बच्चे का इलाज कराने आई थी 27 वर्षीय महिला

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में गुरुवार सुबह एक महिला का शव फंदे से लटकता मिलने से हड़कंप मच गया। महिला की पहचान सोनभद्र निवासी 27 वर्षीय निक्की के रूप में हुई है। वह अपने नवजात बेटे का इलाज कराने के लिए अस्पताल आई थी। उसका बच्चा गंभीर हालत में बाल रोग विभाग के एनआईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सोनभद्र के अनपरा क्षेत्र के धनवाहा निवासी निक्की को पहले लोढ़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से उसे बेहतर उपचार के लिए बीएचयू रेफर किया गया था। 28 अक्टूबर को बीएचयू पहुंचने के बाद उसने एक बेटे को जन्म दिया। जन्म के समय नवजात की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बाल रोग विभाग के एनआईसीयू में बेड नंबर पांच पर भर्ती कर दिया था। तब से बच्चे का उपचार चल रहा था।

परिजनों के मुताबिक, निक्की अपने बच्चे को लेकर काफी चिंतित थी। उसकी सास मनसिया ने बताया कि चार नवंबर की रात निक्की बच्चे को अस्पताल से डिस्चार्ज कराने और उसे घर ले जाने की जिद कर रही थी। हालांकि, नवजात की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे घर ले जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी।

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे परिवार के लोगों ने एक साथ भोजन किया था। इसके कुछ देर बाद निक्की अचानक वार्ड से गायब हो गई। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर पति रामविलास और सास मनसिया ने अस्पताल परिसर में उसकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।

गुरुवार सुबह बाल रोग विभाग के पास स्थित ऑक्सीजन प्लांट के बगल में निक्की का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना पर बीएचयू पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

लंका थाना पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

BK Pathak
BK Pathak

21601 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story