सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य मंचन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, भाजपा ने बनाई व्यापक रणनीति

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सम्राट विक्रमादित्य के जीवन, शौर्य और भारतीय सांस्कृतिक वैभव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 3 से 5 अप्रैल तक बरेका परिसर में आयोजित होने वाले “सम्राट विक्रमादित्य महा नाट्य मंचन” को ऐतिहासिक और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए संगठन ने जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक व्यापक रणनीति तैयार की है।

123

इस क्रम में मंगलवार को रोहनिया स्थित काशी क्षेत्र कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को प्रमुख रूप से एमएलसी अश्विनी त्यागी और गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल ने संबोधित किया।

123

अश्विनी त्यागी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस आयोजन को केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम न मानते हुए इसे भारतीय इतिहास और गौरव से जुड़े जनआंदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि ग्राम स्तर तक संयोजक नियुक्त किए जाएं, जो गांव-गांव जाकर लोगों को नाट्य मंचन में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उनका कहना था कि इस भव्य आयोजन के माध्यम से भारतीय शौर्य, पराक्रम और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत दर्शन होगा।

123

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को इस आयोजन से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और महान व्यक्तित्वों के योगदान को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इस प्रकार का आयोजन होना गर्व का विषय है।

कार्यक्रम को सर्वसुलभ बनाने के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है, ताकि समाज के हर वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकें। भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने बैठक में विषय प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता न केवल स्वयं कार्यक्रम में शामिल होंगे, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों—शिक्षा, व्यापार, किसान, युवा, महिला और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को भी इसमें भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों से संपर्क कर उन्हें 3 से 5 अप्रैल के बीच बरेका परिसर पहुंचने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस अवसर पर एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह समेत कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा का लक्ष्य इस आयोजन को जनभागीदारी के माध्यम से ऐतिहासिक बनाना है।

Share this story