बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष व सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, अपर पुलिस आयुक्त ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिसकर्मियों को दिए जरूरी निर्देश
वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन व सीएम योगी आदित्यनाथ, अमस के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के आगमन के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट है। मंगलवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने जनसभा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और पुलिस प्रबंधों का जायजा लिया। इसके बाद ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, आगमन-प्रस्थान मार्ग, सुरक्षा घेरे और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को देखा गया। संबंधित अधिकारियों से तैयारियों और पुलिस प्रबंधों की जानकारी लेने के बाद ड्यूटी में लगाए गए कमिश्नरेट वाराणसी के साथ बाहरी जनपदों और इकाइयों से आए पुलिस बल को उनकी जिम्मेदारियां समझाई गईं।

60 डीएफएमडी और एचएचएमडी से होगी चेकिंग
पुलिस को निर्देश दिया गया कि सभी जवान निर्धारित समय से पहले ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर अपने क्षेत्र, प्रवेश-निकास मार्ग और जिम्मेदारियों की जानकारी प्राप्त कर लें। कार्यक्रम स्थल के सभी प्रवेश द्वारों पर लगाए गए 60 डीएफएमडी और एचएचएमडी के माध्यम से सघन चेकिंग और तलाशी सुनिश्चित करने को कहा गया है। बैगेज स्कैनर से सामान की जांच भी की जाएगी।
कार्यक्रम स्थल के आउटर और इनर कॉर्डन तथा वीवीआईपी मूवमेंट वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस और पीएसी तैनात की गई है। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भीड़, पार्किंग, प्रवेश द्वार और रूट पर लगातार निगरानी रखेंगे। आसपास की ऊंची इमारतों, छतों और बालकनी पर भी रूफटॉप ड्यूटी के जरिए नजर रखी जाएगी।

रूट और पार्किंग पर विशेष निगरानी
वीवीआईपी रूट को पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध रखने के निर्देश दिए गए हैं। डायवर्जन प्लान को समय से लागू कराने के साथ निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। आपातकालीन निकास, अग्निशमन और एंबुलेंस मार्ग हर समय खाली रखने को कहा गया है। संदिग्ध या लावारिस वस्तु मिलने पर उसे न छूने और तत्काल संबंधित टीम को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
बीडीडीएस, डॉग स्क्वाड, क्यूआरटी, फायर सर्विस और चिकित्सा-एंबुलेंस टीमों को आपसी समन्वय के साथ तैयार रहने को कहा गया है। मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी के आगमन से लेकर कार्यक्रम समाप्ति और सुरक्षित प्रस्थान तक पुलिस बल को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।


