गंगा-वरुणा के जलस्तर पर प्रशासन की पैनी नजर, संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में फिलहाल गंगा का जलस्तर सामान्य है और बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त अधिकृत आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में जनपद में बाढ़ का खतरा नहीं है। हालांकि, संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर गंगा और वरुणा नदी के जलस्तर के साथ तटवर्ती क्षेत्रों, संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों और संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रबंधन और आपदा न्यूनीकरण से जुड़ी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से गंगा और वरुणा के जलस्तर की सतत निगरानी की जा रही है।

संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों, तहसीलों और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उपलब्ध संसाधनों को जरूरत के अनुसार सक्रिय रखने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में नदी के जलस्तर में अचानक या असामान्य वृद्धि होती है अथवा बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है, तो शासन के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएंगे। प्रशासन ने लोगों से भी अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

Share this story