रंगभरी एकादशी को लेकर पुलिस अलर्ट, एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने आयोजकों से की मुलाकात, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की बनाई रणनीति
वाराणसी। रंगभरी एकादशी के अवसर पर होने वाले माता गौरा के गौना और भव्य पालकी यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा टेढ़ीनीम स्थित पूर्व महंत आवास पहुंचे। उन्होंने आयोजक वाचस्पति तिवारी से आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।
अधिकारियों ने 27 फरवरी को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की पूरी जानकारी ली। रंगभरी एकादशी पर माता गौरा का गौना संपन्न होगा, जिसके उपलक्ष्य में पारंपरिक पालकी यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर बाबा विश्वनाथ, माता पार्वती और गणेश की प्रतिमाएं सुसज्जित पालकी पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगी। यात्रा मार्ग, समय और संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर रणनीति तैयार की। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, डीसीपी सुरक्षा अनिल यादव, एडीसीपी वैभव बांगड़ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

