छात्रा से छेड़खानी के आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, अस्सी नाले के पास हुई मुठभेड़
वाराणसी। बीएचयू परिसर में छात्रा के साथ छेड़खानी करने के आरोपी ऑटो चालक का शुक्रवार को पुलिस से सामना हो गया। मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाते समय आरोपी पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। युवती काशी विद्यापीठ की छात्रा बताई जा रही है।
आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले मैनुद्दीन के रूप में हुई है। वह वाराणसी में ऑटो चलाता था। जानकारी के अनुसार, मैनुद्दीन पर बीएचयू परिसर में एक छात्रा के साथ छेड़खानी करने का आरोप है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया था।
पुलिस आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान लंका थाना क्षेत्र के अस्सी नाले के पास उसने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
इस संबंध में एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि छात्रा से छेड़खानी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाते समय उसने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

