रोटरी क्लब बनारस का 82वां पदस्थापन समारोह संपन्न, समाज सेवा को नई दिशा देने का लिया संकल्प
वाराणसी। समाज सेवा के क्षेत्र में आठ दशकों से अधिक समय से सक्रिय रोटरी क्लब बनारस का 82वां पदस्थापन समारोह रविवार को कैंट स्थित होटल रेडिसन में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में समाज सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नई योजनाओं के साथ क्लब की नई कार्यकारिणी ने कार्यभार ग्रहण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्रा "दयालु" ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। उन्होंने रोटरी क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि "सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है।" उन्होंने कहा कि रोटरी जैसे सामाजिक संगठन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से लोगों के जीवन में नई आशा का संचार करते हैं।
समारोह में सत्र 2026-27 के लिए नव निर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन राजीव कुमार एवं उनकी पूरी टीम ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त न्यायाधीश बी.डी. मिश्रा ने भी क्लब की सामाजिक गतिविधियों की सराहना की।

अध्यक्ष रोटेरियन राजीव कुमार ने आगामी सत्र की प्राथमिकताओं की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छ काशी-सुंदर काशी अभियान, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त समाज, युवा एवं महिला सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार और प्रभावी सेवा परियोजनाओं को प्रमुख लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य समाज परिवर्तन का सशक्त दूत बने और सभी मिलकर पारदर्शिता, अनुशासन तथा टीम भावना के साथ कार्य करें।

समारोह के दौरान कई नए सदस्यों ने रोटरी क्लब की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के संरक्षक डॉ. शशिकांत दीक्षित एवं डॉ. एम.के. गुप्ता ने की। संचालन रोटेरियन मनीष पाण्डेय एवं रोटेरियन आलोक पारीख ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रोटेरियन राजीव पाण्डेय ने दिया। समारोह में विभिन्न रोटरी क्लबों के सदस्य, पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी सहित बड़ी संख्या में अतिथि उपस्थित रहे।

