काशी में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, सपा सांसद ने नमो घाट पर लोगों संग किया योग, बताई महत्ता
वाराणसी। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर के सबसे खूबसूरत नमो घाट पर आयोजित वार्षिक योग कार्यक्रम में चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस अवसर पर गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव भी उपस्थित रहे। सांसद ने लोगों संग योगाभ्यास किया। वहीं योग की महत्ता बताते हुए लोगों से इसे अपनाने की अपील की।

सांसद ने योग को भारत की प्राचीन धरोहर बताते हुए कहा, "योग हमारी अनादि काल की महान विरासत है। भगवान शंकर को हम आदियोगी के रूप में पूजते हैं, जिन्होंने अपने तपोबल से योग की स्थापना की। उन्होंने विष को भी अपने गले के नीचे नहीं उतरने दिया, यह योग और तपोबल की महिमा है। महर्षि पतंजलि ने योग को विस्तार देकर इसे जन-जन तक पहुंचाया, जिसके लिए हम उनके ऋणी हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "आधुनिक जीवन में तनाव और समस्याएं आम हैं। प्रत्येक व्यक्ति को रोजाना कम से कम आधा घंटा योग के लिए निकालना चाहिए। योग से मनुष्य न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक शांति भी प्राप्त करता है।" नमो घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डाला और इसे दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।

